कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
जौनपुर। प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की है। सोमवार को मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित लोकभवन से लाभांश को 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की व्यवस्था का शुभारंभ किया। जौनपुर में भी कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह समेत जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया।
कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन और लाभांश वृद्धि की घोषणा का प्रसारण देखा और सुना। कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के प्रतिनिधि अजय सिंह तथा जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि लाभांश में वृद्धि का उद्देश्य उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके अनुसार लाभांश बढ़ने से विक्रेताओं को अपने कार्य के संचालन में सहायता मिलेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने खाद्य एवं रसद विभाग की विभिन्न योजनाओं और उचित दर विक्रेताओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, इस प्रणाली के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं, सुझावों और फीडबैक को दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी नोडल अधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों, सह-नोडल अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया।
कार्यक्रम में मौजूद उचित दर विक्रेताओं ने लाभांश बढ़ाने के निर्णय का स्वागत किया। शासन की ओर से किए गए इस बदलाव के तहत अब उचित दर विक्रेताओं को प्रति कुंतल 125 रुपये का लाभांश निर्धारित किया गया है, जो पहले 90 रुपये प्रति कुंतल था।


