Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उत्पादों की बिक्री के लिए जेम पोर्टल से जुड़ें : विजया रहाटकर

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने जौनपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से जेम पोर्टल पर पंजीकरण कर अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने लखपति दीदी बनने का लक्ष्य रखने और डिजिटल मार्केटिंग अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में कोविड प्रभावित परिवारों की बेटियों को लैपटॉप वितरित किए गए।
Homeअपना जौनपुरस्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उत्पादों की बिक्री के लिए जेम पोर्टल...

स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उत्पादों की बिक्री के लिए जेम पोर्टल से जुड़ें : विजया रहाटकर

लखपति दीदी बनने का लक्ष्य रखने की अपील, कोविड प्रभावित परिवारों की बेटियों को दिए लैपटॉप

जौनपुर। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करें। इसके लिए सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल पर पंजीकरण कराएं और उत्पादों की गुणवत्ता व पैकेजिंग बेहतर बनाएं। यह बात शुक्रवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में समूह की महिलाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कही।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं परिवार की आय बढ़ाने के साथ आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। अब उन्हें अपने काम को व्यवस्थित उद्यम के रूप में विकसित करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से ‘लखपति दीदी’ बनने का लक्ष्य रखने की अपील की। बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सालाना एक लाख रुपये या उससे अधिक आय अर्जित करने में सक्षम बनाना है।

रहाटकर ने कहा कि समूहों के अचार, पापड़, हस्तशिल्प, स्टेशनरी और अन्य स्थानीय उत्पादों को जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी खरीद तक पहुंचाया जा सकता है। व्यवसाय शुरू करने या विस्तार के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित उपलब्ध वित्तीय योजनाओं का लाभ लेने की भी सलाह दी।

उन्होंने महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया के जरिए उत्पादों के प्रचार-प्रसार तथा मार्केटिंग के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही ऑनलाइन गतिविधियों में साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने को कहा।

महिला अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्होंने घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों का उल्लेख किया। किसी संकट की स्थिति में पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और राष्ट्रीय महिला आयोग की हेल्पलाइन 14490 पर संपर्क करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उन्होंने कोविड महामारी से प्रभावित परिवारों की बेटियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप वितरित किए। इस अवसर पर आयोग की सदस्य अर्चना मिश्रा, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।