सुजानगंज। जमीन के पुराने विवाद ने शुक्रवार को सुल्तानपुर ग्रामसभा में हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि कक्षा 11 की छात्रा समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रमेश सिंह पुत्र स्वर्गीय जिलेदार सिंह अपने परिवार के साथ गांव स्थित अपनी पाही पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान दो चारपहिया वाहनों से पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में हीरावती देवी (72) पत्नी स्वर्गीय जिलेदार सिंह, रमेश सिंह, विनोद सिंह पुत्रगण स्वर्गीय जिलेदार सिंह और हर्षिता सिंह पुत्री रमेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने हीरावती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रमेश सिंह, विनोद सिंह और कक्षा 11 में पढ़ने वाली हर्षिता सिंह की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुराने जमीन विवाद को लेकर थी रंजिश
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी कहासुनी और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। शुक्रवार को इसी रंजिश के चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
थानाध्यक्ष सुजानगंज अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


