Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरस्कूल वाहनों के चालक-परिचालकों का होगा चरित्र सत्यापन

स्कूल वाहनों के चालक-परिचालकों का होगा चरित्र सत्यापन

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच के दिए निर्देश

जौनपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए स्कूल वाहनों समेत सभी वाहनों की नियमित जांच कराई जाएगी। स्कूल वाहनों में तैनात चालक और परिचालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। साथ ही वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच होगी।

यह निर्देश जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फिटनेस और परमिट की होगी नियमित जांच

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी वाहनों में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए।

उन्होंने वाहनों की फिटनेस, परमिट, सुरक्षा उपकरणों और अन्य जरूरी मानकों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दुर्घटना संभावित स्थानों, वाहनों की फिटनेस और जांच समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी और निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुर्घटना संभावित स्थानों पर होंगे सुरक्षा उपाय

जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां प्रभावी सड़क सुरक्षा उपाय कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता वाले स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

डीएम ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।