जौनपुर। विश्व मात्स्यिकी दिवस पर शनिवार को मत्स्य विभाग कार्यालय में एनएफडीपी के तहत मछुआरा पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। इसमें मत्स्य पालकों का पंजीकरण करने के साथ उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विभाग राम नारायण तिवारी ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से मछुआरों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, केसीसी ऋण, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, मछुआ कल्याण कोष और मोपेड विद आइस बॉक्स योजना शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य मछुआरों और मत्स्य पालकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके कल्याण को बढ़ावा देना है। शिविर में निषाद पार्टी के पदाधिकारी और मत्स्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


