जौनपुर। बदलापुर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 81 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से नौ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। ग्राम सहनपुर निवासी विजय सिंह ने अवैध अतिक्रमण और पक्के निर्माण की शिकायत की। वहीं, केरारकोट निवासी अजय कुमार सोनी ने जमीन पर कब्जे का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने दोनों प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने तथा विवादित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण करने और न्यायालयों के आदेशों का समय से अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


