जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। शनिवार को संपन्न चार दिवसीय प्रतियोगिता में मेजबान विश्वविद्यालय की टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर छह अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। समापन समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने एलएमएम विश्वविद्यालय, दरभंगा को 23-21, एमएसडी विश्वविद्यालय, आजमगढ़ को 34-25 और केआईआईटी विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर को 30-23 अंकों से पराजित किया। प्रतियोगिता में केआईआईटी विश्वविद्यालय दूसरे, एलएमएम विश्वविद्यालय तीसरे और एमएसडी विश्वविद्यालय चौथे स्थान पर रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार समग्र खेल नीति बनाई गई है, जिसके तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के खेलों के प्रति सक्रिय रुख की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को अपने खिलाड़ियों को ओलंपिक और पैरा ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना चाहिए। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विश्वविद्यालय में नशामुक्ति अभियान चलाने पर जोर दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की जीत केवल खेल की जीत नहीं, बल्कि सच्ची खेल भावना की जीत है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के लगभग साढ़े तीन लाख विद्यार्थी विभिन्न खेल गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में खेल परिषद अध्यक्ष प्रो. सुधाकर सिंह ने स्वागत भाषण दिया। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने प्रतियोगिता के संचालन और निर्णायक व्यवस्था की सराहना की। खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने प्रतियोगिता का विवरण प्रस्तुत किया। विशेष अतिथि सेवानिवृत्त भारतीय वायुसेना कमांडर राजेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. विजय सिंह, डॉ. विजय तिवारी, डॉ. मनीष गुप्ता सहित शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन छात्र अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने किया।


