Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

बदलापुर सीएचसी में एंटी स्नेक वेनम समेत जरूरी दवाएं उपलब्ध

बदलापुर सीएचसी में एंटी स्नेक वेनम समेत जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद पांडेय ने सर्पदंश के मरीजों को अस्पताल में ही आवश्यक उपचार मिलने की बात कही और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की।
Homeअपना जौनपुररसोइयों का मानदेय बढ़कर हुआ तीन हजार, कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी मिला

रसोइयों का मानदेय बढ़कर हुआ तीन हजार, कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी मिला

जौनपुर में 15 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से चेक और चिकित्सा कार्ड वितरित, शेष का एक माह में होगा पंजीकरण

जौनपुर। पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में किया गया। इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और रसोइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना।

2,000 से बढ़कर 3,000 रुपये हुआ मानदेय

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ बच्चे, खिलता बचपन—सही पोषण से प्रदेश रोशन’ रही।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पीएम पोषण योजना में कार्यरत रसोइया विद्यालय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और विकास में भी योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि रसोइयों का मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके अलावा वर्ष में एक बार साड़ी/ड्रेस के लिए दी जाने वाली 500 रुपये की राशि को भी बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है।

जौनपुर में 8,325 रसोइया कार्यरत

राज्यमंत्री ने बताया कि जनपद जौनपुर में पीएम पोषण योजना के तहत 8,325 रसोइया कार्यरत हैं। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 15 रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय के रूप में 3,000 रुपये की धनराशि का चेक तथा कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किया गया।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कहा कि जिले के शेष सभी रसोइयों का एक माह के भीतर पंजीकरण पूरा कर उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन में पोषण की वृद्धि होने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलेगी।

रसोइयों के स्वास्थ्य और कल्याण पर जोर

राज्यमंत्री ने कहा कि रसोइयों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा दी जा रही है। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार रसोइयों के हित में संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने रसोइयों से अपने दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने की अपील की।

इन रसोइयों को मिला चिकित्सा कार्ड

कार्यक्रम में संगीता सरोज, कुसुम, छोटेलाल यादव, शैलेन्द्र कुमार मौर्य, शान्ती, गुन्जा, पूनम, सुमित्रा, मलावती, मीरा, जयप्रकाश खरवार, कपिलदेव, जयमूर्ति, माधुरी एवं अनीता देवी को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और रसोइयों के प्रति आभार व्यक्त किया।