सोना-चांदी व नकदी समेत किराना सामान चोरी, पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश
केराकत। सरकी पुलिस चौकी से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर सरकी-डेहरी मोड़ स्थित चार दुकानों के ताले चोरों ने तोड़ दिए। शनिवार रात हुई इस घटना में एक स्वर्ण आभूषण की दुकान और एक किराना दुकान से नकदी व सामान चोरी होने की बात सामने आई है। वहीं दो अन्य दुकानों के ताले तोड़े गए, लेकिन वहां चोर चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
स्वर्ण आभूषण की दुकान से सोना-चांदी चोरी
बताया गया कि चोरों ने अनूप कुमार सेठ की स्वर्ण आभूषण की दुकान का ताला तोड़कर करीब सात हजार रुपये नकद, पांच ग्राम सोना और 200 ग्राम चांदी चोरी कर ली। इसके अलावा करीब 22 हजार रुपये मूल्य के रोल गोल्ड के सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है।
दुकान में रखी तिजोरी को भी चोर उठाकर पास के खेत में ले गए। वहां तिजोरी तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल लिया।
किराना दुकान से भी सामान ले गए चोर
वीरेंद्र उर्फ पप्पू की किराना दुकान से स्टेपलाइजर, 25 किलो दाल, रिफाइंड तेल, चीनी और साबुन समेत अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा छोटू यादव और अवनीश कुमार की दुकानों के भी ताले तोड़े गए, लेकिन वहां चोरों को सफलता नहीं मिली।
सुबह दुकानदारों को हुई घटना की जानकारी
सुबह दुकानदारों को चोरी की जानकारी हुई तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस चौकी घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। इसको लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
खोजी कुत्ता बुलाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चोरी का सुराग लगाने के लिए खोजी कुत्ता बुलाने की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पर चौकी प्रभारी ने कथित तौर पर कहा कि इस समय खोजी कुत्ता काम नहीं करता और घटनास्थल पर पहले पुलिस पहुंचती है।
पुलिस के कथित रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।


