Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

बदलापुर सीएचसी में एंटी स्नेक वेनम समेत जरूरी दवाएं उपलब्ध

बदलापुर सीएचसी में एंटी स्नेक वेनम समेत जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद पांडेय ने सर्पदंश के मरीजों को अस्पताल में ही आवश्यक उपचार मिलने की बात कही और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की।
Homeअपना जौनपुरराशन कार्ड के 1.64 लाख लाभार्थियों की ई-केवाईसी बाकी

राशन कार्ड के 1.64 लाख लाभार्थियों की ई-केवाईसी बाकी

डीएम ने 15 दिन में रिक्त राशन दुकानों की नियुक्ति के दिए निर्देश, चीनी के दाम पर निगरानी बढ़ाने को कहा

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में रविवार देर शाम खाद्य एवं रसद विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राशन कार्डों की ई-केवाईसी, रिक्त उचित दर दुकानों की नियुक्ति, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण तथा चीनी के भंडारण और बाजार मूल्य की समीक्षा की गई।

1,64,777 लाभार्थियों की ई-केवाईसी बाकी

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 8,45,215 राशन कार्ड प्रचलित हैं। इनमें शामिल 34,88,572 लाभार्थियों में से 33,23,795 की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। वहीं 1,64,777 लाभार्थियों की ई-केवाईसी अभी बाकी है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शेष लाभार्थियों की ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

27 रिक्त राशन दुकानों की 15 दिन में नियुक्ति

जिले में रिक्त चल रही 27 उचित दर दुकानों की नियुक्ति प्रक्रिया 15 दिन के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को नियमानुसार खुली बैठक कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराने को कहा।

इसके अलावा निलंबित चल रही नौ उचित दर दुकानों के मामलों में भी जल्द निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की भी समीक्षा

बैठक में निर्माणाधीन मॉडल शॉप और अन्नपूर्णा भवनों की भी समीक्षा की गई। 24 ग्राम पंचायतों में पूर्ण हो चुके अन्नपूर्णा भवनों का नियमानुसार हस्तांतरण कराने के निर्देश दिए गए।

साथ ही सितंबर 2026 के खाद्यान्न का उठान और वितरण शुरू कराने को कहा गया। वहीं 33 ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन भवनों में केवल फिनिशिंग का काम शेष होने पर उसे एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

चीनी के दाम पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने चीनी के भंडारण और बाजार मूल्य की नियमित निगरानी करने को कहा। आवश्यकता के अनुसार निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में चीनी का मूल्य निर्धारित मानक से अधिक नहीं होना चाहिए।

जियोफेंस पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक में सिंगल स्टेज व्यवस्था के तहत उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंस पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए परिवहन ठेकेदारों को निर्देशित करने को भी कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।