मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। दुर्घटना में सात बच्चे घायल हो गए। इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
तेज रफ्तार बस की टक्कर से पलटी स्कूल वैन
बताया गया कि स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। उकनी गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने स्कूल वैन में साइड मार दी। टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज भेजा।
सात बच्चे घायल, तीन जिला अस्पताल रेफर
हादसे में आदित्य यादव (11), सिद्धार्थ यादव (10), प्रभाष यादव (12), अनिरुद्ध यादव (10), आर्यन यादव (10), आकाश तिवारी (10) और शिवम तिवारी (8) घायल हुए।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक मौके पर पहुंच गए। जिला अस्पताल में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम ने घायल बच्चों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस ने हादसे में शामिल प्राइवेट बस को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल वैन का पंजीकरण नहीं मिला
उकनी गांव के पास स्कूल वैन हादसे की जांच के दौरान एआरटीओ एसके सिंह ने दुर्घटनाग्रस्त वैन के अभिलेखों की पड़ताल की। जांच में वाहन का आरटीओ कार्यालय में पंजीकरण नहीं मिला। इस पर एआरटीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने वैन के फिटनेस और चालक के लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की।
स्कूली वाहनों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
स्कूल वैन हादसे के बाद सीओ प्रतिमा वर्मा ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान अनधिकृत, अनफिट और नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे स्कूली वाहनों की जांच की जाएगी।
वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और चालकों के लाइसेंस की जांच पर विशेष जोर रहेगा। सीओ ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने विद्यालय के दस्तावेज खंगाले
हादसे के बाद एसडीएम अजय उपाध्याय, एआरटीओ एसके सिंह, सीओ प्रतिमा वर्मा और बीएसए समीर कुमार ने घटनास्थल और विद्यालय का निरीक्षण किया।
बीएसए ने विद्यालय की मान्यता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। एसडीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. किरन पाण्डेय और अविनाश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


