जौनपुर। नगर के जहांगीराबाद स्थित न्यू दूध मंडी परिसर में दूधिया समाज सेवा समिति जौनपुर की ओर से सम्मान समारोह एवं विराट बिरहा मुकाबले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, दुग्ध व्यवसाय और दूधिया समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए विभिन्न लोगों को सम्मानित किया गया। देर रात तक चले बिरहा मुकाबले ने श्रोताओं को बांधे रखा।
सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य ने भगवान श्रीकृष्ण और स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.एस. उपाध्याय ने कहा कि कोरोना काल में जब लोग अपने स्वास्थ्य और जीवन को लेकर चिंतित थे, उस समय भी दूधिया समाज के लोगों ने घर-घर दूध पहुंचाने का काम जारी रखा। उन्होंने इसे समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान बताया।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे शिक्षक श्रीनाथ यादव ने कहा कि दुग्ध समाज सेवा समिति लगातार समाज में अपनी अग्रणी भूमिका निभाती रही है।
डॉ. एम.पी. यादव और समाजसेवी राजदेव यादव ने कहा कि समिति ने संघर्ष कर दूध मंडी की स्थापना कराई, जो समाज के लिए गौरव की बात है।
दूध मंडी के विकास कार्यों पर चर्चा
समिति अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने मंडी में विकास कार्यों से संबंधित पत्रक डॉ. रामसूरत मौर्य को सौंपा। डॉ. मौर्य ने कहा कि पूर्व में भी दूध मंडी में विकास कार्य कराए गए हैं और भविष्य में आवश्यकता के अनुसार नगर पालिका परिषद की ओर से सहयोग किया जाएगा।
इस आश्वासन पर उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
पुलिसकर्मियों समेत कई लोग सम्मानित
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस की भूमिका की भी सराहना की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनीता सिंह, चौकी प्रभारी सरायपोख्ता राहुल रंजन सिंह सहित पुलिसकर्मियों का समिति की ओर से स्वागत किया गया।
इसके अलावा अनिल यादव, संतोष त्रिपाठी, अरशद कुरैशी, संजय जड़वानी, नवीन सिंह बासगोती, सुरेंद्र जायसवाल, राजकुमार यादव, गगन सिंह, शैलेन्द्र विक्रम सिंह एडवोकेट, नेपाली यादव और मनोज यादव समेत अन्य लोगों को भी माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
ज्योति यादव ने जीता बिरहा मुकाबला
सम्मान समारोह के बाद प्रतापगढ़ की बिरहा कलाकार ज्योति यादव और चंदौली के दर्शन गांधी के बीच बिरहा मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा।
प्रस्तुतियों के दौरान श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं। उपस्थित लोगों ने ज्योति यादव को बिरहा मुकाबले का विजेता घोषित किया।
कार्यक्रम की सफलता में समिति के पलकधारी यादव, अमृतलाल यादव, ललित यादव, दीनानाथ पाल, नरेंद्र कुमार यादव, महेश चंद्र यादव, पप्पू यादव, मोतीलाल, राम शिरोमणि यादव, महेंद्र कुमार यादव, सभाजीत यादव, लालमन बिंद, शेखर निषाद, राजबहादुर यादव, जंगबहादुर यादव, रामअवध यादव, जयप्रकाश बग्गड़, सुरेंद्र यादव सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।
आगंतुकों का स्वागत समिति अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने किया, जबकि संचालन महासचिव संजीव यादव एडवोकेट ने किया।


