Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजौनपुर में दो सड़क हादसे: महिला घायल, बाइक सवार युवक की मौत

जौनपुर में दो सड़क हादसे: महिला घायल, बाइक सवार युवक की मौत

जौनपुर। जिले में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि तेज रफ्तार कार की टक्कर से 22 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

रसैना तिराहे के पास सड़क पार कर रही महिला को वाहन ने मारी टक्कर

लाइनबाजार थाना क्षेत्र में जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग स्थित रसैना तिराहे के पास मंगलवार को सड़क पार कर रही एक महिला को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे में गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाला डाला वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद यूपी 112 के वाहन के अगले हिस्से, बोनट और बंपर को भी नुकसान पहुंचा।

सूचना मिलने पर लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

जंघई में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

दूसरा जौनपुर सड़क हादसा जंघई पुलिस चौकी के सामने मंगलवार सुबह हुआ। यहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

मृतक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के बभनियांव-जंघई रेलवे फाटक निवासी नूर आलम के पुत्र इमरान के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार इमरान मंगलवार सुबह करीब सात बजे टीवीएस विक्की बाइक का पंचर बनवाने जंघई बाजार गया था। पंचर बनवाने के बाद करीब आठ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था।

जंघई पुलिस चौकी के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल फूलपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हंडिया रेफर कर दिया। हंडिया ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इमरान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह चार भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। वह शादी-विवाह समारोहों में लाइटिंग का काम करके परिवार की आर्थिक मदद करता था।

मीरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल कार को कब्जे में लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।