Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

मोहम्मद एजाजुद्दीन ने हासिल की पीएचडी की उपाधि

पूर्वांचल विश्वविद्यालय से पूरी की पीएचडी, खगोल विज्ञान पर वैज्ञानिक शोध कर आम लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं जानकारीजौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र निवासी स्वर्गीय...
Homeअपना जौनपुरजेसिज चौराहे पर थम जाते हैं रोडवेज के पहिए, जाम से राहगीर...

जेसिज चौराहे पर थम जाते हैं रोडवेज के पहिए, जाम से राहगीर बेहाल

  • सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, डिपो के बाहर ही यात्रियों को उतारने-बैठाने का आरोप

जौनपुर। शहर का व्यस्त जेसिज चौराहा इन दिनों यातायात अव्यवस्था की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि रोडवेज की अनुबंधित और अन्य बसों के मुख्य सड़क पर रुकने तथा सवारियों को उतारने-बैठाने के कारण जेसिज चौराहे से वाजिदपुर तिराहा और सिपाह की ओर जाने वाले मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह से देर रात तक सड़क पर बसों के रुकने से राहगीरों, वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि चौराहे पर केवल जाम की समस्या ही नहीं है, बल्कि सवारियों को बैठाने को लेकर बस संचालकों और कर्मचारियों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति भी बन जाती है। आरोप है कि कुछ बसें सड़क पर खड़ी कर सवारियां बैठाने के कारण यातायात प्रभावित करती हैं। इससे चौराहे से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से सड़क पर बसें खड़ी कर सवारी बैठाने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

डिपो के बाहर ही थम जाते हैं दूसरे जिलों के पहिए, यात्री परेशान

स्थानीय यात्रियों के अनुसार, प्रयागराज, गोरखपुर और अन्य जिलों से आने वाली कुछ रोडवेज बसें जौनपुर डिपो के अंदर जाने के बजाय मुख्य सड़क के आसपास ही यात्रियों को उतारती और बैठाती हैं। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति बनती है।

यात्रियों का कहना है कि यदि बसें डिपो परिसर में आकर रुकें और वहीं से यात्रियों को बैठाया तथा उतारा जाए तो सड़क पर होने वाली अव्यवस्था को काफी हद तक कम किया जा सकता है। डिपो के बाहर बस पकड़ने के लिए यात्रियों को सड़क किनारे खड़ा होना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी होती है।

सवारियों को लेकर बस कर्मियों में विवाद की शिकायत

जेसिज चौराहे पर सवारियों को लेकर बस कर्मचारियों के बीच विवाद की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सवारी बैठाने के लिए बसों के कर्मचारी सड़क पर एक-दूसरे से उलझ जाते हैं। कई बार नोकझोंक की स्थिति भी बन जाती है। इससे चौराहे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

लोगों का कहना है कि चौराहे पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद सड़क पर बसें खड़ी होने और सवारियां बैठाने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से संयुक्त अभियान चलाकर सड़क पर बसों के अनधिकृत ठहराव को रोकने तथा बसों को निर्धारित स्थान से संचालित कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लगातार बढ़ता यातायात दबाव किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।