- डीएम ने 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा कर गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश
जौनपुर। 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सेतु, ओवरब्रिज सहित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सेतु और ओवरब्रिज की एप्रोच रोड के निर्माण में विशेष सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार और अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
राजकीय प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान, मड़ियाहूं में शेष कार्य 25 अक्टूबर तक पूरा कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन (नगरीय) के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कर उन्हें पूर्व स्थिति में बहाल करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक कार्य पूरा कर चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को हैंडओवर कराने तथा लंबित भूमि संबंधी मामलों की जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।


