जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बुधवार को तहसील मछलीशहर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पांच वर्ष से अधिक पुराने लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर इसी माह निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य से जुड़े मामलों का मेरिट के आधार पर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जिससे न्याय में अनावश्यक विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों और पंजिकाओं की जांच की तथा उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। कमियां मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने बार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बेंच और बार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी मछलीशहर सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


