लखनऊ: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय बीफार्मा के छात्र छात्राओं का व्यक्तित्व निखारने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. इसके तहत छात्र छात्राओं को नौकरी देने वाली कंपनियों की मांग के अनुसार तैयार किया जाएगा. साथ ही साक्षात्कार का सामना कैसे करना है इसकी भी जानकारी विशेषज्ञ देंगे.
इसके लिए विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग और वाईबीआई फाउंडेशन की ओर से दो सप्ताह का ऑनलाइन पर्सनालिटी डेवलपमेंट सर्टिफिकेट कार्यक्रम 25 सितंबर से निःशुल्क शुरू हो रहा है. इसमें शामिल होने के लिए छात्र छात्राओं को 24 सितंबर तक आवेदन करना होगा. इसके बाद आवेदन नहीं लिए जाएंगे. यह जानकारी विश्वविद्यालय के प्रवक्ता पवन कुमार त्रिपाठी ने दी. आवेदन ऑनलाइन होंगे. इस पूरी कार्यशाला से छात्र-छात्राओं को उनके भविष्य के लिए तैयार किया जाएगा.
हिंदी इंग्लिश दोनों में ट्रेनिंग
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता पवन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि फार्मेसी के बढ़ते क्षेत्र और स्किल्ड युवाओं की मांग को देखते हुए कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के निर्देशन में इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है. ऑनलाइन माध्यम से यह कार्यशाला अंग्रेजी और हिंदी दोनों में होगी. इसमें विशेषज्ञ छात्र छात्राओं को नौकरी कैसे खोजें, प्रभावी बायोडाटा बनाना, पावरफुल सोशल मीडिया प्रोफाइल, साक्षात्कार के लिए तैयारी, ऑनलाइन साक्षात्कार को फेस करने का टिप्स सहित अन्य चीजों की जानकारी देंगे. डीन प्रो. अरूणिमा वर्मा के अनुसार इस कार्यशाला से छात्र छात्राओं को काफी फायदा होगा. इंटरव्यू को लेकर छात्र छात्राओं की झिझक दूर होगी. उनमें एक अलग आत्मविश्वास भी आयेगा.



