दुकान में सामान निकालते समय सांप ने डसा, उपचार के दौरान हुई मौत
खुटहन। मलिकपट्टी गांव निवासी 30 वर्षीय कुलदीप साहू की गुरुवार रात सर्पदंश से मौत हो गई। वह खुटहन बाजार स्थित एक किराना दुकान पर रहकर काम करता था। बताया गया कि दुकान के भीतर से सामान निकालते समय वहां बैठे सांप ने उसे डस लिया।
हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
सर्पदंश के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए शाहगंज स्थित डॉ. ज्ञानचंद के अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
परिवार का सहारा था कुलदीप
कुलदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके भाई प्रदीप और संदीप हैं, जबकि तीन बहनें रीना, नीलम और अंतिमा हैं। करीब 10 वर्ष पूर्व उसके पिता दयाराम साहू का निधन हो चुका था। इसके बाद कुलदीप परिवार का सहारा बना हुआ था।
जवान बेटे की अचानक मौत से उसकी विधवा मां दुर्गावती का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव और बाजार में शोक का माहौल है।


