जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री बाल सेवा व पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थियों से जिलाधिकारी ने किया संवाद
जौनपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थी बच्चों एवं उनके अभिभावकों से संवाद किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों, विद्यालय की व्यवस्थाओं और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।
डॉक्टर, इंजीनियर और आईपीएस बनने का सपना
संवाद के दौरान बच्चों ने शिक्षक, वकील, इंजीनियर, डॉक्टर, अंतरिक्ष वैज्ञानिक और आईपीएस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। जिलाधिकारी ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, लगन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने और मोबाइल का उपयोग सोशल प्लेटफार्मों पर समय बिताने के बजाय उपयोगी कार्यों के लिए करने की सलाह दी। खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों को खेल के क्षेत्र में भी करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
गरीब बच्चों का निशुल्क इलाज करना चाहती है बच्ची
इस दौरान एक बच्ची ने बताया कि वह बड़ी होकर त्वचा रोग विशेषज्ञ बनना चाहती है और अपना अस्पताल खोलकर गरीब बच्चों का निशुल्क उपचार करना चाहती है। बच्ची की सोच पर जिलाधिकारी ने उसका उत्साहवर्धन किया और लक्ष्य की दिशा में मन लगाकर पढ़ाई व मेहनत करने की सलाह दी।
विद्यालयों की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
जिलाधिकारी ने बच्चों से उनके विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और पठन-पाठन की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। अटल आवासीय विद्यालय की छात्रा प्रियांशी से शैक्षणिक व्यवस्था के बारे में पूछताछ की गई। छात्रा ने बताया कि विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षक नियमित रूप से आते हैं।
जिलाधिकारी ने बच्चों को शिक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी देने के लिए कहा।
खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
बच्चों ने कुछ विद्यालयों में खेलकूद की पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने की समस्या भी बताई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अधिकारियों को संबंधित विद्यालयों में आवश्यक खेल सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के अवसर भी जरूरी हैं।
योजनाओं के लाभ की भी ली जानकारी
कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली गई। अभिभावकों ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ समय से मिल रहा है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
पात्र बच्चों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे देश और समाज के भविष्य की नींव हैं। उनके समुचित विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को पात्र बच्चों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय, बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय सहित अन्य अधिकारी, लाभार्थी बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहे।


