जौनपुर। गुजरात के वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा मंगलवार को जौनपुर पहुंची। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करने पर सिंगरामऊ, भगवान परशुराम प्रवेश द्वार और करमपुर सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया।
बदलापुर में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का अभिनंदन किया। इसके बाद जौनपुर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी शंकर गिरी तथा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने यात्रा का स्वागत किया।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यात्रा सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण का संदेश दे रही है। विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने इसे जन्मभूमि से कर्मभूमि तक देश को एक सूत्र में जोड़ने के संकल्प का प्रतीक बताया।
आयोजकों के अनुसार, यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान, दर्शन-पूजन, वृक्षारोपण और गो-पूजन जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके जरिए सेवा, सामाजिक भागीदारी और देश की एकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा धनियामऊ होते हुए मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के हौज पहुंची। यहां मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद बाइक यात्रा वाराणसी के लिए रवाना हो गई।


