विज्ञान संकाय की प्रगति की समीक्षा, उद्योगों से एमओयू और 10 वर्ष की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में शैक्षणिक, शोध एवं औद्योगिक विकास को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने संकाय के विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं व्यावहारिक शिक्षा देने पर जोर दिया।
बैठक में विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार ने कुलपति का स्वागत करते हुए संकाय और विभिन्न विभागों की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और विभागों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
कुलपति ने विभागों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षण और शोध के साथ विद्यार्थियों को रोजगार से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा देना जरूरी है। इसके लिए विभागों को उद्योग जगत के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने बोर्ड ऑफ स्टडीज में उद्योग जगत के विशेषज्ञों को शामिल करने और औद्योगिक संस्थानों के साथ एमओयू करने पर जोर दिया। साथ ही प्रत्येक विभाग को अगले 10 वर्षों में होने वाले विकास को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
शोध और औद्योगिक अनुभव पर जोर
कुलपति ने शोध परियोजनाओं और पेटेंट की संख्या बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को नई तकनीकों से परिचित कराने को कहा। उन्होंने विभागों से औद्योगिक भ्रमण आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ उद्योगों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव भी मिल सके।
उन्होंने वर्ष 2047 तक विश्वविद्यालय के विकास के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर भी जोर दिया। कुलपति ने कहा कि विज्ञान संकाय को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए शिक्षण, शोध, नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग और आत्मनिर्भरता पर एक साथ काम करना होगा।
उन्होंने विभागों को वर्तमान उपलब्धियों के साथ भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ठोस और परिणामपरक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रो. रामनारायण, प्रो. राजेश शर्मा, डॉ. मनीष गुप्ता, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. विवेक पाण्डेय, डॉ. ऋषि श्रीवास्तव, डॉ. राधिका, डॉ. अमित गुप्त, डॉ. विपिन कुमार और डॉ. एसपी तिवारी सहित विज्ञान संकाय के शिक्षक उपस्थित रहे।


