जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के आदेश और खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर डॉ. अविनाश सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार को विद्यालय परिसर में अभिभावक-अध्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों को आवश्यक जानकारी दी गई।
प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मणि त्रिपाठी ने अभिभावकों से बच्चों को साफ-सुथरे कपड़ों में नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि डीबीटी के तहत मिलने वाली धनराशि का उपयोग बच्चों की कॉपी, कलम, यूनिफॉर्म, जूता-मोजा और बैग आदि की आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जाए।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
बैठक में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों को जागरूक किया गया। प्रधानाध्यापक ने बच्चों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, जलभराव और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रखने तथा मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग कराने की अपील की।
अभिभावकों से बच्चों को पौष्टिक भोजन देने और उनका वैक्सीनेशन पूरा कराने पर भी जोर दिया गया। साथ ही घर पर बच्चों के गृहकार्य में सहयोग करने का अनुरोध किया गया, ताकि उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहे।
बैठक में सहायक अध्यापक राजीव सिंह, हरिशंकर सरोज, शिवबहादुर भारतीय, डाली, शेर बहादुर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।


