10 विधानसभा क्षेत्रों की टीमें दिखाएंगी खेल प्रतिभा, जर्सी लॉन्च और ट्रॉफी का हुआ अनावरण
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में बुधवार को जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) 2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में टीम कप्तानों की मौजूदगी में सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई और ट्रॉफी का अनावरण किया गया। लीग में विधानसभा स्तर पर गठित 10 टीमें हिस्सा लेंगी।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि समय के साथ खेल के प्रति समाज की सोच में बदलाव आया है। खेल अब युवाओं के लिए सम्मानजनक करियर का माध्यम भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि जेपीएल विश्वविद्यालय और जिले की खेल प्रतिभाओं के बीच जुड़ाव मजबूत करने का माध्यम बनेगा। इससे विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने लीग के आयोजन को प्रतिभाओं को मंच देने वाली पहल बताया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मंच से जिले के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
लीग के संयोजक एवं पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा कि जौनपुर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की है। इसी उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर 10 टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि लीग से प्रतिस्पर्धा के साथ खिलाड़ियों में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में टीम कप्तानों के आगमन के बाद जर्सियों का अनावरण किया गया। खिलाड़ियों और दर्शकों की मौजूदगी से स्टेडियम में खेलमय माहौल रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आयोजन के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने पर संयोजक ने कुलपति और प्रशासन का आभार जताया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाशधर द्विवेदी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य अतिथि मौजूद रहे।


