मरीजों को निजी पैथोलॉजी व मेडिकल स्टोर की ओर भेजने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
सुजानगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज परिसर में बाहरी लोगों और निजी पैथोलॉजी व मेडिकल स्टोर से जुड़े व्यक्तियों के कथित हस्तक्षेप को लेकर अस्पताल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मरीजों को गुमराह किए जाने की शिकायतों के बीच सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील पांडेय ने सुजानगंज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अधीक्षक की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल परिसर में निजी पैथोलॉजी केंद्रों के प्रतिनिधि और बाहरी दवा विक्रेताओं से जुड़े लोग कथित रूप से मौजूद रहते हैं। आरोप है कि उपचार के लिए आने वाले मरीजों को प्रभावित कर उन्हें अस्पताल से बाहर जांच कराने अथवा बाहर से दवाएं खरीदने के लिए प्रेरित किया जाता है। इससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने के साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ने की बात कही गई है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सीएचसी में उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को निर्बाध रूप से मिलना चाहिए। परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा मरीजों को प्रभावित करने या स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सुजानगंज के थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल अधीक्षक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मरीजों को राहत की उम्मीद
स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों का कहना है कि उपचार के लिए आने वाले लोगों को किसी भी तरह से भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए। अस्पताल प्रशासन की शिकायत के बाद परिसर में अनधिकृत रूप से सक्रिय लोगों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

