Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजमानत की फीस के विवाद में अधिवक्ता व साथियों को बंधक बनाकर...

जमानत की फीस के विवाद में अधिवक्ता व साथियों को बंधक बनाकर पीटा

पुलिस ने देर रात दबिश देकर अधिवक्ताओं को सुरक्षित छुड़ाया, महिलाओं समेत 10 नामजद और करीब 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

मुंगराबादशाहपुर। जमानत की फीस के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में प्रयागराज जिला कचहरी के एक अधिवक्ता और उनके साथियों को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, देर रात अधिवक्ताओं को छुड़ाने पहुंची टीम पर भी आरोपियों और उनके परिजनों ने ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने अधिवक्ताओं को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक प्रयागराज जिला कचहरी के अधिवक्ता अजय मिश्रा, निवासी कुरसंड, थाना धरवई, प्रयागराज, गाजीपुर के भांवरकोल थाने से संबंधित एक मामले में पैरवी कर रहे थे। जमानत की पैरवी के लिए उन्होंने करीब 1.50 लाख रुपये फीस ली थी, लेकिन जमानत मंजूर नहीं हो सकी।

तहरीर के अनुसार छह अक्टूबर को अधिवक्ता को बातचीत के लिए हैदरेपुर बुलाया गया। आरोप है कि वहां से उन्हें दो वाहनों में पुरऊपुर नहर पुलिया के पास ले जाया गया और रात करीब साढ़े सात बजे गाड़ियों में बैठाकर गाली-गलौज व मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी देते हुए दो लाख रुपये तत्काल मंगाने का दबाव बनाने का भी आरोप है।

इसके बाद अधिवक्ता ने अपने साथी अधिवक्ताओं को रकम लेकर हैदरेपुर बुलाया। आरोप है कि वहां पांच लाख रुपये की मांग की गई और रकम देने से इनकार करने पर चारों साथियों के साथ मारपीट की गई। तहरीर में अधिवक्ता का आईफोन समेत दो मोबाइल फोन छीनने और घर की महिलाओं पर भी अभद्रता व मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। अधिवक्ताओं को रात करीब डेढ़ बजे तक बंधक बनाए रखने की बात कही गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर आरोपियों और उनके परिजनों ने ईंट-पत्थर चलाने के साथ धारदार हथियारों से हमला किया। पुलिस ने अधिवक्ताओं को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया।

थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर कमल मिश्रा, मुनेश्वरी तिवारी, शिवम तिवारी, बिंदेश्वरी तिवारी, दीपक तिवारी, शशि चौबे, राजेश तिवारी, राहुल यादव, घर की महिलाओं समेत 10 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 193(2), 140(1), 308(5), 126(2), 127(2), 109(1) और 315 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।