एनएसएस-एनसीसी कार्यकर्ताओं को बनाया गया वालंटियर, स्क्रीनिंग से उपचार तक करेंगे सहयोग
जौनपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में संभावित टीबी मरीजों की पहचान और उन्हें उपचार से जोड़ने के लिए ‘जोस टीम’ का गठन किया गया है। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) से जुड़े कार्यकर्ताओं को माई भारत वालंटियर के रूप में शामिल किया गया है।
आठ अक्टूबर को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से अभियान की जोस टीम लॉन्च की गई। जिले में जिलाधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम के अनुसार, जिले के सभी ब्लॉकों और नगर निकाय क्षेत्रों में अभियान की निगरानी और प्रगति की समीक्षा के लिए खंड विकास अधिकारियों तथा अधिशासी अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
वालंटियर अपने क्षेत्रों में संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग में सहयोग करने के साथ लोगों को टीबी से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करेंगे। टीम का उद्देश्य मरीजों को उपचार से जोड़ना, उनका उपचार पूरा कराने में मदद करना और टीबी मरीजों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है।
इस दौरान जिला क्षय नियंत्रण केंद्र की ओर से जिले में चल रही टीबी उन्मूलन गतिविधियों और उनकी प्रगति की जानकारी भी दी गई।


