Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरदुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य

दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य

डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश, एआई से बने भ्रामक वीडियो पर भी रहेगी नजर

जौनपुर। दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला शांति समिति की बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, सड़क, बिजली, सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था होनी चाहिए। सड़क अवरुद्ध करने या हाईटेंशन तारों के नीचे पंडाल लगाने की अनुमति नहीं होगी। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने और उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र रखने और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

त्योहार से पहले क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, खुले सीवर और मैनहोल बंद करने तथा जर्जर बिजली के तार और खंभे बदलने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में जलभराव रोकने के साथ पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों और विसर्जन स्थलों पर सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए जरूरत के अनुसार डायवर्जन भी किया जाएगा।

बैठक में सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार भ्रामक वीडियो प्रसारित कर भ्रम फैलाने की शिकायत भी उठी। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों की निगरानी और तथ्यात्मक जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने पूजा समितियों और नागरिकों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूजा समितियों के पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।