जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए गए ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का समापन वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरक झलक देखने को मिली।
समारोह में सामूहिक वंदे मातरम गीत, लोकनृत्य और कजरी गायन ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। विश्वविद्यालय की छात्राओं ने ‘मेरा स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि कर्नल आलोक सिंह धर्मराज ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत एवं नशा मुक्त युवा’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही श्रेष्ठ भारत की मजबूत नींव हैं। युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं तो देश आत्मनिर्भर बनने के साथ विश्व पटल पर आदर्श राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सकता है।
अध्यक्षीय संबोधन में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि अभियान की सफलता युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का सशक्त उदाहरण है।
समन्वयक डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पांच सुरक्षा प्रहरियों और 98 यूपी बटालियन के छह प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, मेडल और चॉकलेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में डॉ. रसिकेश और डॉ. राधिका उर्मालिया ने भी विचार व्यक्त किए। सहायक आचार्य डॉ. श्वेता पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


