जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज-लुंबिनी मार्ग पर फरीदाबाद स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी रंजीत सोनकर पुत्र स्वर्गीय रामचरन बुधवार सुबह करीब छह बजे बाइक से अकेले नई मंडी चौकियां स्थित फल मंडी जा रहे थे। इसी दौरान फरीदाबाद स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के सामने पिकअप की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चार साल पहले हुई थी शादी, पीछे छूटी छोटी बेटी
रंजीत सोनकर की शादी चार वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक छोटी बेटी है। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पत्नी बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। घटना के बाद देवकली गांव में भी शोक का माहौल है।
पिकअप और दो चालक हिरासत में
सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप वाहन और उसके दो चालकों को हिरासत में लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


