जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर जमीन पर कथित कब्जे के विवाद को लेकर हड़कंप मच गया। बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत को लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर तीनों ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों को तत्काल कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा।
आत्मदाह के प्रयास की सूचना पर कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने जमीन संबंधी विवाद और परिवार की ओर से की गई शिकायतों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


