सावन के तीसरे सोमवार पर भोर से लगी कतारें, सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
सुजानगंज। सावन के तीसरे सोमवार पर गौरीशंकर धाम में जलाभिषेक के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल और माला अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कांवड़ियों ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूरी की।
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। सुजानगंज थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय के अनुसार, मेला प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद राय समेत पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ भीड़ में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए भी निगरानी की।
कंट्रोल रूम प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश त्रिपाठी भी मौके पर मौजूद रहे। मेला परिसर में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, फायर ब्रिगेड, एलआईयू और पीएसी के जवानों के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।
मंदिर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस और प्रशासन की निगरानी में गौरीशंकर धाम में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारी लगातार मौके पर निगरानी करते रहे।


