Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरबुढ़वा मंगल मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से होगी निगरानी

बुढ़वा मंगल मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से होगी निगरानी

डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ 20 उपनिरीक्षक, 60 पुलिसकर्मी और महिला फोर्स तैनात

मुंगराबादशाहपुर। ऐतिहासिक दौलतियां हनुमान मंदिर में आयोजित होने वाले बुढ़वा मंगल मेले में सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को भोर चार बजे से रात नौ बजे तक प्रतापगढ़ रोड और ईटहरा बॉर्डर समेत कई संपर्क मार्गों पर चारपहिया और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

एसडीएम अजय उपाध्याय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने मंदिर परिसर, मेला स्थल और झांकियों के निर्धारित मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

सुरक्षा के लिए मेले में डेढ़ सेक्शन पीएसी, दो थाना प्रभारी, दो निरीक्षक, 20 उपनिरीक्षक, 60 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, पांच यातायात पुलिसकर्मी और 13 महिला आरक्षियों की तैनाती की गई है। अग्निशमन और विद्युत विभाग की टीमें भी मौके पर रहेंगी। भीड़ प्रबंधन में सहयोग के लिए 50 वालंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई है।

जेबकतरी, छेड़छाड़ और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे। मेला परिसर में 20 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी पूरे मेला क्षेत्र पर निगरानी रखी जाएगी।

एसडीएम ने जर्जर सड़कों की मरम्मत, सामुदायिक शौचालयों की सफाई और सड़क किनारे अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए। सीओ ने डीजे और झांकियों की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट रखने तथा भड़काऊ गानों पर रोक के निर्देश दिए। महिलाओं से भारी आभूषण न पहनने की अपील भी की गई है।

मंगलवार को भोर चार बजे से रात नौ बजे तक प्रतापगढ़ रोड, ईटहरा बॉर्डर, सटवां कटरा चुंगी, राम चौकी और भैरोपुर समेत संपर्क मार्गों पर वाहनों की नो एंट्री रहेगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र और पुलिस हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं।