केराकत। ग्रामसभा बलईपुर-बैरागिया में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत भूतपूर्व सैनिक कुनाल यादव ने अपने प्रयास से कराई। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने सड़क की समस्या उनके सामने रखी तो उन्होंने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया। मरम्मत होने के बाद सड़क पर आवागमन सुचारु होने से ग्रामीणों को राहत मिली।
कुनाल यादव ने कहा कि देश की सीमा पर सेवा करने के बाद गांव और समाज के लोगों के हित में योगदान देना उनके लिए गौरव की बात है। जनहित में किया गया छोटा प्रयास भी किसी के काम आए तो इससे बड़ी संतुष्टि नहीं हो सकती।
ग्रामीणों ने भूतपूर्व सैनिक के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के सड़क की मरम्मत कराकर कुनाल यादव ने ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया है। उनका यह प्रयास अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।


