केराकत में ‘अर्पण महोत्सव’ का आयोजन, अस्पताल में मरीजों को बांटे फल और किया पौधरोपण
केराकत, जौनपुर। भाजपा के पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने अपने जन्मदिन पर सेवा कार्यक्रम आयोजित कर सफाईकर्मियों को सम्मानित किया। केराकत नगर पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम को ‘अर्पण महोत्सव’ नाम दिया गया। इस दौरान उन्होंने सफाईकर्मियों के पैर धोए और उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर तिलक व आरती के साथ सम्मानित किया। महिला सफाईकर्मियों को साड़ियां भी भेंट की गईं।
सम्मान समारोह के बाद दिनेश चौधरी ने सफाईकर्मियों के साथ केक काटा और उनके साथ बैठकर भोजन किया। सम्मान मिलने पर सफाईकर्मियों ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से इस तरह सम्मानित किए जाने से उन्हें अच्छा लगा।
अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
कार्यक्रम के अगले चरण में पूर्व विधायक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचे। यहां भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने पौधरोपण किया और साफ-सफाई के कार्य में भी हिस्सा लिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान से जोड़कर आयोजित किया।
समर्थकों ने दी जन्मदिन की बधाई
जन्मदिन के अवसर पर दिनेश चौधरी को बधाई देने के लिए समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जुटी। लोगों ने फूल-मालाओं और बुके के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूर्व विधायक ने कहा कि समर्थक और शुभचिंतक उनकी ताकत हैं। उन्होंने लोगों से मिल रहे प्यार और आशीर्वाद के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में श्रीरामलीला नाटक समिति केराकत के प्रबंधक सुशील कुमार पटवा, भाजपा केराकत मंडल अध्यक्ष मिथिलेश गिरी, थानागद्दी मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, जिला मंत्री हरिराम पाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष विजेश सिंह, पूर्व जिला मंत्री महेंद्र प्रजापति, डोभी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह बबलू, वीना सिंह रघुवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोलू जायसवाल, रणजीत सिंह और पवन चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


