Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरएनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मरीज परेशान

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मरीज परेशान

करंजाकला पीएचसी में 86 कर्मचारी अनुपस्थित, ओपीडी से टीकाकरण तक पर पड़ा असर

जौनपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को इलाज, जांच और दवा लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाएं भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई।

पीएचसी में 86 कर्मचारी रहे अनुपस्थित

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला में एनएचएम के 86 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इससे ओपीडी समेत कई सेवाओं का संचालन प्रभावित हुआ। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को जांच कराने और दवा प्राप्त करने के लिए इंतजार करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को विशेष रूप से परेशानी हुई।

हड़ताल का असर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की गतिविधियों पर भी पड़ा। गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण और जांच में देरी हुई, जबकि बच्चों के टीकाकरण की प्रक्रिया भी प्रभावित रही। जांच रिपोर्ट समय से नहीं मिलने के कारण मरीजों को आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कतें आईं।

प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित

एनएचएम कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ कार्यालय के प्रशासनिक कार्यों पर भी असर पड़ा। उपलब्ध नियमित कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का बोझ बढ़ने से सेवाओं का संचालन चुनौतीपूर्ण हो गया।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गंगाराम गौतम से संपर्क कर विभाग का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।