पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सेवा पखवाड़े के तहत चला अभियान, वृक्षों को खाद-पानी देकर किया संरक्षण
जौनपुर। वीरबहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने वृक्षों की देखभाल और परिसर की साफ-सफाई कर सेवा एवं स्वच्छता का संदेश दिया। ‘सेवा के 25 वर्ष—सेवा मेरा योगदान’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण को प्रकृति की सेवा से जोड़ते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई।
अभियान में एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, बीएससी ऑनर्स बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने परिसर के वृक्षारोपण स्थल पर सफाई करने के साथ निराई-गुड़ाई की। इसके बाद वृक्षों को खाद-पानी देकर उनकी देखभाल की। परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर आसपास के क्षेत्र को साफ रखने का संदेश भी दिया गया।
प्रकृति की सेवा के लिए आगे आने की अपील
कार्यक्रम में बायोटेक्नोलॉजी विभाग के डॉ. मनीष कुमार गुप्ता और अभियान के संयोजक एवं पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. राज कुमार उपस्थित रहे। डॉ. मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा भाव से युवाओं को प्रेरणा मिलती है। वृक्षों को खाद-पानी देना और उनकी देखभाल करना प्रकृति की सच्ची सेवा है।
उन्होंने विद्यार्थियों की सहभागिता को सेवा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सेवा और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने की शपथ ली। अभियान का उद्देश्य परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।


