- मझौली-नागापुर-रसवदिया में जर्जर सड़क को लेकर पैदल मार्च, निर्माण शुरू नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
बक्शा। बक्शा थाना क्षेत्र के सिकरारा विकासखंड अंतर्गत मझौली-नागापुर-रसवदिया ग्रामसभा में बदहाल सड़क को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर पैदल मार्च कर नाराजगी जताई और ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सड़क लंबे समय से खराब है। इसकी मरम्मत के लिए कई बार प्रार्थना पत्र देकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रधान पुत्र रवि मौर्या ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर सांसद, विधायक और उच्चाधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास का भरोसा देते हैं, लेकिन सड़क जैसी मूलभूत समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं होती, तब तक वे आगामी चुनाव में वोट नहीं देने का निर्णय लेंगे। इस दौरान प्रधान समरजीत मौर्या समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण पैदल मार्च में शामिल हुए। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की स्थिति नहीं सुधरने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क की समस्या का संज्ञान लेकर जल्द निर्माण अथवा मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।


