जौनपुर। ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में जौनपुर की सम्यक दृष्टि होम केयर प्राइवेट लिमिटेड ने अपने होम केयर उत्पादों का प्रदर्शन किया। कंपनी के अनुसार, ट्रेड शो के दौरान श्रीलंका, केन्या और इथियोपिया की कंपनियों के साथ निर्यात संबंधों को लेकर तीन एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ट्रेड शो में कंपनी ने बैटरी में इस्तेमाल होने वाला पानी, हैंडवॉश लिक्विड, फ्लोर क्लीनर और टॉयलेट क्लीनर सहित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए। कंपनी का दावा है कि उसके स्टॉल पर करीब 10 से 15 हजार विजिटर्स पहुंचे।
कंपनी के अनुसार, श्रीलंका की फ्लोर केयर सर्विस के साथ 6,732.68 अमेरिकी डॉलर, केन्या की डिवाइनी इनेब्लड के साथ 17,909.21 अमेरिकी डॉलर और इथियोपिया की डीएच हैंड ट्रेड्स पीएलसी के साथ 15,000 अमेरिकी डॉलर के निर्यात संबंधी एमओयू किए गए।
कंपनी के प्रबंध निदेशक आनंद कुमार सिंह ने कहा कि इन समझौतों से विदेशी बाजारों में विस्तार की संभावनाएं बनी हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी का लक्ष्य शुरुआती व्यापारिक संबंधों को नियमित निर्यात और दीर्घकालीन साझेदारी में बदलना है।
एमओयू के तहत प्रस्तावित व्यापारिक संबंधों के क्रियान्वयन और नियमित निर्यात में बदलने की स्थिति आगे के कारोबारी चरणों पर निर्भर करेगी।


