जौनपुर। डीएम कार्यालय के पास जलभराव की समस्या गुरुवार को एक बार फिर सामने आई। महज 10 मिनट की बारिश के बाद जिलाधिकारी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित पत्रकार भवन और मियांपुर पुलिस चौकी के बाहर सड़क पर पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पत्रकार भवन और मियांपुर पुलिस चौकी के बाहर भरा पानी
बारिश के तुरंत बाद सड़क पर जलभराव होने से क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही यह इलाका तालाब जैसी स्थिति में बदल जाता है, जिससे प्रतिदिन आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत उठानी पड़ती है।
पहले भी उठ चुके हैं जलनिकासी के मुद्दे
स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। जलनिकासी व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर समाचार भी प्रकाशित हुए, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
नगर पालिका की तैयारियों पर उठे सवाल
लोगों का कहना है कि यदि जिला मुख्यालय के आसपास स्थित महत्वपूर्ण मार्गों पर ही जलनिकासी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, तो शहर के अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद पर हैं कि मानसून के दौरान जलभराव की इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाता है या फिर हर बारिश में लोगों को इसी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।


