विद्यार्थियों के साथ बैठकर किया भोजन, खाद्य सामग्री की शुद्धता और स्टॉक रजिस्टर के रखरखाव के दिए निर्देश
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की शुद्धता और रसोईघर व भोजनालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुलपति ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन में इस्तेमाल होने वाली कच्ची खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और खरीद प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। दूध, पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पाद प्रमाणित एवं विश्वसनीय दुकानों से खरीदने तथा खाद्य सामग्री की नियमित गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए।
कुलपति ने छात्रावासों में स्वच्छता बनाए रखने, रसोईघर और भोजनालय की नियमित सफाई कराने तथा खाद्य सामग्री की खरीद और भंडारण में पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक खरीद का विवरण स्टॉक रजिस्टर में दर्ज करने और नियमित रूप से स्टॉक एंट्री सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पौष्टिक भोजन और स्वच्छ वातावरण के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


