Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

गोमती घाट पर छठ महोत्सव का समापन, लोकगीतों ने बांधा समां

जौनपुर के भामाशाह नमामि गंगे गोमती घाट पर आयोजित दो दिवसीय छठ महोत्सव का समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। भोजपुरी और छठ गीतों की प्रस्तुतियों ने घाट को भक्तिमय बना दिया। सात वर्षीय आराध्या सिंह ने भी धार्मिक गीत सुनाकर सराहना बटोरी।

E-Paper 03-11-2026

Homeअपना जौनपुरउदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने उमड़े श्रद्धालु, छठ महापर्व का समापन

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने उमड़े श्रद्धालु, छठ महापर्व का समापन

पुत्र और पति की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रती महिलाओं ने किया पारण, घाटों पर गूंजे छठी मइया के गीत

जौनपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नदी, तालाबों, सरोवरों तथा छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर पुत्र और पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की। सूर्य की पहली किरण के साथ ही घाटों पर छठी मइया के जयकारे और पारंपरिक गीत गूंजने लगे।

सोमवार तड़के करीब तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर पूजन सामग्री से सजी टोकरी और सूप लेकर पहुंचीं। व्रतियों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा की। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मइया की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया और चार दिनों से चल रहे निर्जला व्रत का पारण किया।

शहर से गांव तक घाटों पर उमड़ी भीड़

नगर के तूतीपुर, बजरंगघाट, हनुमानघाट, अंचलादेवी घाट, सूरज घाट, गुलर घाट और विसर्जन घाट सहित शीतला चौकियां स्थित कुंड पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलाशयों के किनारे और घरों की छतों पर भी पूजा-अर्चना की गई। घाटों पर भोजपुरी छठ गीतों की गूंज रही। परिवार के साथ पहुंचे लोग पूजा के यादगार पलों को मोबाइल में कैद करते नजर आए। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखा।

तूतीपुर घाट पर बांटी गई पूजन सामग्री

नगर के तूतीपुर घाट पर क्षेत्रीय लोगों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क पूजन सामग्री की व्यवस्था की गई थी। स्टॉल पर माला-फूल, दूध और अगरबत्ती सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। समिति के अध्यक्ष के अनुसार, क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से कई वर्षों से घाट पर यह व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था महामंत्री सिकन्दर बिन्द की देखरेख में हुई। इसमें राम सागर बिन्द, संजय बिन्द, बब्लू बिन्द, हिमांचल सेठ सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता के इंतजाम

छठ घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सतर्कता बरती गई। चार दिवसीय पर्व के समापन पर घाटों पर आस्था, उल्लास और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।