― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरफिज़ा में खूब उड़े रंग गुलाल, गांव और शहर सब हुये रंगीन

फिज़ा में खूब उड़े रंग गुलाल, गांव और शहर सब हुये रंगीन

जौनपुर धारा, जौनपुर। जनपद में बुधवार को गांव और शहर हर तरफ होली का उल्लास रहा। होली को लेकर सबसे अधिक उत्साहित बच्चे रहें। एक दूसरे को रंग अबीर लगाने में कोई पीछे नहीं रहा। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों पर रंग डालने के लिए बच्चे छतों और गलियों में पिचकारियों में रंग भर कर मुश्तैद थे जैसे ही कोई बाइक या साइकिल सवार सड़क से गुजरता बच्चे रंगों की बौछार करतें रहे। मंगलवार की शाम आसमान में बादल आ गये थे और रात में तथा तड़के सुबह में जनपद में कुछ स्थानों पर नाम मात्र की बूंदाबांदी भी हुई लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया अच्छी धूप निकल आई। दिन चढ़ने के साथ ही फिजा रंग गुलाल से रंगीन होती गई। ग्रामीण और शहरी इलाकों में डीजे के साथ लोग नाचते गाते रंग गुलाल लगाकर गले मिलकर होली की शुभकामनाएं देते आगे बढ़ते नजर आये। दोपहर के बाद लोग घरों से निकल कर एक दूसरे के घर जाकर गुलाल लगाकर मिलने का सिलसिला शाम तक चलता रहा। ग्रामीण इलाकों में शाम को जगह-जगह लोग ढोल मजीरे की धुन पर फाग, चइता, बेलवइया जैसे लोकगीतों का गायन कर रहे थे। लोकगीत का गायन होने वाले स्थानों पर लोग ठंडई भी पीते व थिरकते नजर आये। इस बीच चिकन और मटन का बाजार भी बुधवार की सुबह से ही गर्म रहा मछलीशहर तहसील क्षेत्र के जंघई, बंधवा बाजार, खाखोपुर, सतहरिया, मीरगंज, जमुहर, सरायबीका, गरियांव, नीभापुर, सुजानगंज, पवांरा तथा मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर कस्बों में सुबह से ही चिकन और मटन के खरीदारों की भीड़ लगी रही। चिप्स, पापड़ और गुझिया जो पहले से ही तैयार थी, को घर आने वाले लोगों की आवभगत में परोसी जा रही थी।

Share Now...