कानपुर. यूपी के कानपुर में अब आपको कश्मीर का मजा मिलेगा. जी हां, जब भी आप कश्मीर गए होंगे, तो वहां पर आपने शिकारा बोट का आनंद जरूर उठाया होगा. वह आनंद अब आपको कानपुर के मोतीझील में मिलेगा. दरअसल मोतीझील के कारगिल पार्क में बोट क्लब की शुरुआत की गई है, जिसमें लोग शिकारा बोट का आनंद उठा रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कानपुर के इस बोटिंग क्लब का लोकार्पण किया था. इसके बाद से यह बोट क्लब संचालित किया जा रहा है. यहां पर लोग बड़ी संख्या में आ रहे हैं और बोटिंग का मजा ले रहे हैं. यहां पर सबसे खास शिकारा बोट है. यह बोट आमतौर पर कश्मीर की घाटियों में पर्यटन में इस्तेमाल की जाती है. लोग बड़ी संख्या में इससे सफर करते हैं. कानपुरवासी में भी बड़े चाव के साथ इस बोट का लुफ्त उठा रहे हैं. इस बोट क्लब का संचालन करने वाली कंपनी मणिकर्णिका वाटर स्पोर्ट्स के डायरेक्टर सत्यम दुबे ने बताया कि कानपुर वासी इस बोट क्लब का आनंद सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक ले सकते हैं. यहां पर सारा ट्रेंड स्टाफ रखा गया है. सभी तैराकी में एक्सपर्ट हैं और सुरक्षा के सारे इंतजाम किए गए हैं. लोग आराम से बिना किसी डर के यहां पर बोटिंग कर सकेंगे. बोट क्लब में अलग-अलग बोट के लिए अलग-अलग किराया तय किया गया है. पेडलबोट के लिए एक व्यक्ति को 70 रुपए देने पड़ेंगे. वहीं शिकारा बोट के लिए 100 रुपए देने पड़ेंगे. जबकि हाई स्पीड बोट के लिए 160 रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है. यहां पर दो शिकारा बोट, तो 10 पेडल बोट लाई गई हैं. जबकि एक हाई स्पीड बोट लाई गई है.



