पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिज़र्व का पर्यटन का मौसम शबाब पर है. दूर दराज़ से पर्यटक रिज़र्व की सैर करने आ रहे हैं, तो आयेदिन जंगल से कई तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं. ताजा विडियो पीलीभीत टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी कर रहे शाहजहांपुर से आए पर्यटकों ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया है. वीडियो में एक टाइगर दिख रहा है, जो मोर पर घात लगाए बैठा है. लेकिन मोर उसे चकमा दे जाता है. इस दुर्लभ नज़ारे को देखकर पर्यटकों की गाड़ियां जहां की तहां रुक गईं.
वीडियो में साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि टाइगर मोर पर काफ़ी देर तक घात लगाए बैठा रहा. लेकिन जैसे ही शिकार के लिए दबे पांव टाइगर आगे बढ़ा वैसे ही अचानक मोर टाइगर को चकमा देकर उड़ जाता है. इस पूरे नज़ारे को पीलीभीत टाइगर रिज़र्व की सैर करने आए पर्यटक ने फिल्माकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. यह वीडियो अब तेज़ी से वायरल हो रहा है.
पहले भी रोचक वीडियो हुए हैं वायरल
हाल में पीलीभीत टाइगर रिज़र्व से गुज़रने वाली माधोटांडा-खटीमा रोड का एक वीडियो भी सामने आया था. वीडियो में एक भारी भरकम टाइगर सड़क पर बैठा आराम फ़रमाते नज़र आ रहा था. यह दृश्य देखकर सड़क की दोनों तरफ वहां से गुजरने वाले वाहनों का लंबा जाम लग गया था. पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों के बनाए वीडियो सोशल मीडिया यूज़र्स द्वारा जमकर वायरल किए जा रहे हैं.



