रोडवेज बसों के सड़क पर खड़े होने से लगता था जाम, ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता से राहगीरों को मिली राहत
जौनपुर। शहर के जेसीज चौराहे पर आएदिन लगने वाले जाम को लेकर जौनपुर धारा में प्रकाशित खबर का असर दिखाई देने लगा है। खबर प्रकाशित होने के बाद यातायात पुलिस ने चौराहे और आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सक्रियता बढ़ाई है। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराने और यातायात नियमों का पालन कराने से जाम की समस्या में सुधार आया है।
जेसीज चौराहे के आसपास रोडवेज बसों के सड़क पर खड़े होने से अक्सर यातायात बाधित होता था। इससे वाहनों की कतार लग जाती थी और आसपास के मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनती थी। इस समस्या को लेकर लोगों की परेशानी को जौनपुर धारा ने प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद ट्रैफिक इंचार्ज द्वितीय सुशील मिश्रा और टीडी कॉलेज चौकी प्रभारी अरविंद यादव की टीम ने मौके पर निगरानी बढ़ाई। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। लगातार निगरानी से चौराहे पर यातायात संचालन पहले की अपेक्षा सुचारु दिखाई दे रहा है।
जाम से राहत मिलने पर स्थानीय लोगों और राहगीरों ने यातायात पुलिस की सक्रियता की सराहना की। लोगों ने जेसीज चौराहे सहित शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी नियमित निगरानी की मांग की है।
दरोगा और रोडवेज परिचालक में विवाद के बाद हंगामा, 20 मिनट धरना
जेसीज चौराहे पर बस खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद, सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच का दिया भरोसा
जौनपुर। जेसीज चौराहे पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रोडवेज परिचालक और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद के बाद हंगामा हो गया। घटना से नाराज परिवहन विभाग के परिचालकों ने रोडवेज परिसर के बाहर करीब 20 मिनट तक धरना दिया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने बातचीत कर धरना समाप्त कराया।
परिचालक धर्मेंद्र यादव के अनुसार रोडवेज बसें जेसीज चौराहे पर निर्धारित स्थान पर खड़ी थीं। इसी दौरान एक निजी वाहन को लेकर उनकी कांस्टेबल से कहासुनी हो गई। उनका आरोप है कि कांस्टेबल ने दरोगा को मौके पर बुलाया। धर्मेंद्र ने दरोगा पर बदसलूकी, गाली-गलौज और नौकरी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में अन्य परिचालक भी धरने पर बैठ गए।
सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, एसडीएम और यातायात निरीक्षक मनोज पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिचालकों को मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि मामले का संज्ञान लिया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यातायात निरीक्षक को जेसीज चौराहे पर रोडवेज बसें खड़ी न होने देने के निर्देश दिए, ताकि यातायात बाधित न हो।


