शाहगंज। वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने मोर्चा खोल दिया है। तहसील शाहगंज के लेखपालों ने सोमवार को एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। संघ ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 17 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से संपूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी दी है।
संघ की प्रमुख मांगों में 10 वर्षों से लंबित 2800 ग्रेड पे और वेतन विसंगति का समाधान शामिल है। लेखपालों ने स्टेशनरी, वाहन और विशेष भत्तों में वृद्धि, पद को टेक्निकल घोषित करने तथा ग्राम सचिवालयों में रोस्टर व्यवस्था लागू करने से पहले मूलभूत सुविधाएं व सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
संघ का कहना है कि लेखपाल राजस्व कार्यों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी और अतिरिक्त कार्यभार का सामना कर रहे हैं। पदाधिकारियों ने मांगों के समाधान के लिए शासनादेश जारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।


