शिक्षकों की बैठक में विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में बुधवार को शैक्षणिक एवं समग्र विकास को लेकर शिक्षकों और संविदा शिक्षकों की बैठक हुई। अध्यक्षता कुलपति प्रो. आरके सिंह ने की। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से बनती है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को नई ऊंचाई देने के लिए शिक्षकों में टीम भावना, आपसी सहयोग और संस्थान के प्रति समर्पण जरूरी है। प्रत्येक शिक्षक को अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विकास की नई पहल में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों के हित में अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने उद्योगों और अन्य संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाकर विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, रोजगार और उद्यमिता के अवसर विकसित करने की बात कही। कुलपति ने जेपीएल के माध्यम से चल रही पहल को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में उत्साह, नवाचार और सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर विश्वविद्यालय के विकास के लिए नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कुलपति ने सभी विभागों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए विश्वविद्यालय के समग्र विकास में सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।


