जौनपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार को मासिक बैठक के साथ शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक हुई। इसमें संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए छह अक्टूबर तक नामांकन होना है, जबकि मतदान 23 अक्टूबर को निर्धारित है।
बैठक में शिक्षक प्रत्याशी लालबिहारी यादव और स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा का स्वागत किया गया। लालबिहारी यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर पार्टी सदन से सड़क तक आवाज उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने नामांकन में शामिल होने की अपील की।
आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने स्नातक समाज से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद और सड़क पर उठाया है। उन्होंने छह अक्टूबर को वाराणसी में नामांकन दाखिल करने की जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सात अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी।
बैठक में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक रागिनी सोनकर, पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, राजनारायण बिंद, मोहम्मद अरशद खान समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
बैठक के अंत में अतीश सोनकर को बाबासाहब अंबेडकर वाहिनी का जिला महासचिव मनोनीत किया गया। भाजपा छोड़कर आए वीरेंद्र उर्फ भोला चौहान को सपा की सदस्यता दिलाई गई।


