Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसंतान की दीर्घायु की कामना में महिलाओं ने रखा जितिया व्रत

संतान की दीर्घायु की कामना में महिलाओं ने रखा जितिया व्रत

लाइन बाजार शिवाजी पंचायती मंदिर में विधि-विधान से हुई पूजा, रविवार को सूर्योदय के बाद होगा पारण

जौनपुर। संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शनिवार को महिलाओं ने जितिया पर्व श्रद्धा के साथ मनाया। सुबह से ही घरों और पूजा स्थलों पर धार्मिक माहौल बना रहा। व्रती महिलाओं ने परंपरा के अनुसार निर्जला उपवास रखा और भगवान जीमूतवाहन की पूजा-अर्चना की। लाइन बाजार स्थित शिवाजी पंचायती मंदिर में भी महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा कर संतान के मंगलमय जीवन की कामना की।

सुबह स्नान के बाद व्रती महिलाओं ने सूर्य देव को अर्घ्य देकर निर्जला व्रत शुरू किया। इसके बाद पूरे दिन अन्न और जल ग्रहण नहीं किया। शाम को पूजा स्थल की साफ-सफाई के बाद परंपरा के अनुसार गाय के गोबर अथवा साफ मिट्टी से लेप किया गया। मिट्टी या कुश से भगवान जीमूतवाहन की प्रतिमा स्थापित की गई। पूजा स्थल पर चील्ह और सियारिन के प्रतीक भी बनाए गए।

पूजा के दौरान भगवान जीमूतवाहन को सरसों का तेल, सिंदूर, फूल, अक्षत, फल और भीगे चने अर्पित किए गए। प्रदोष काल में व्रती महिलाओं ने एक साथ बैठकर जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी। कथा के बाद महिलाओं ने लाल या पीले रंग का पवित्र जिउतिया धागा गले में धारण किया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार जितिया व्रत संतान की लंबी आयु, आरोग्य और सुख-समृद्धि की कामना से रखा जाता है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी महिलाओं ने घरों और पूजा स्थलों पर पूजन किया।

व्रती महिलाओं का निर्जला उपवास रविवार, 4 अक्टूबर को अष्टमी तिथि समाप्त होने और सूर्योदय के बाद पारण के साथ पूरा होगा। सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देने के बाद जल और प्रसाद ग्रहण कर पारंपरिक भोजन के साथ व्रत का पारण किया जाएगा।