विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच, गंभीर मरीज वाराणसी रेफर
जौनपुर। सीहीपुर स्थित नीलदीप एकेडमी में शुक्रवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के चिकित्सकों ने करीब 350 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह दी। गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई अस्पताल रेफर किया गया।
शिविर का शुभारंभ संस्थान के प्रबंधक प्रदीप सिंह सफायर, निदेशक नीलम सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना ने मां सरस्वती के पूजन-अर्चन व दीप प्रज्वलन से किया। सुबह नौ बजे से ही दूर-दराज से पहुंचे मरीज पंजीकरण काउंटर पर जुटने लगे।
शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. अरुण कुमार मिश्र, डॉ. विवेक श्रीवास्तव और डॉ. अमित सिंह ने मरीजों की जांच की। इसके अलावा नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेश कुमार, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. डीपी सिंह और डॉ. अतुल सिंह, होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. एलके सिंह तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. साहिल श्रीवास्तव ने भी सेवाएं दीं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. राज सिंह, रजनीश सिंह, राहुल द्विवेदी और रिंकू यादव सहित विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारियों ने सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक और निदेशक ने चिकित्सकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।


